Raisen Kaal Bhairav Dham: मध्यप्रदेश के रायसेन में सांचेत स्थित प्रसिद्ध कालभैरव धाम में जमकर बवाल हुआ है। धाम में हुए विवाद में 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें धाम के प्रमुख नाना गुरु सरकार (नाना साहब) शामिल हैं। नाना साहब को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि धाम में लगने वाली भीड़ को लेकर पड़ोसियों से काफी समय से विवाद चल रहा था और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना हुई है।
देखें वीडियो-
शराब छुड़ाते हैं नाना गुरु सरकार
रायसेन जिले के सांचेत में स्थित कालभैरव धाम प्रमुख नाना सरकार (नाना साहब) चमत्कारिक रूप से शराब छुड़ाते हैं और शराब की लत से पीड़ित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ धाम में रोजाना लगती है। बताया जा रहा है कि धाम में लगने वाली भीड़ के कारण धाम के आस पड़ोस में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है और इसी के कारण दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बनी रहती है। बीती रात एक बार फिर इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया और मारपीट हो गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला किया गया।
विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस
कालभैरव धाम में हुए विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हुए हैं जिनमें से धाम प्रमुख नाना साहेब की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
रायसेन से 25 किमी दूर है कालभैरव धाम
बता दें कि कालभैरव धाम रायसेन जिले के सांचेत गांव में है। सांचेत गांव जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी की दूरी पर है। कालभैरव धाम के पीठाधीश्वर नाना गुरु सरकार चमत्कारिक रुप से शराब छुड़ाने के लिए प्रसिद्ध हैं और इसीलिए यहां पर रोजाना बड़ी संख्या में शराब की लत छुड़ाने के लिए पहुंचते हैं। कालभैरव धाम में हर शनिवार को दोपहर 12 बजे से विशेष दरबार लगता है। दरबार में भी बड़ी संख्या में लोग रायसेन व आसपास के जिलों से पहुंचते हैं।


