Ahmedabad. एक धार्मिक संस्था से जुड़ी युवती से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर पहले धार्मिक बातें कर परिचय बढ़ाया फिर मित्रता का प्रस्ताव रखा। युवती के मित्रता करने से इनकार करने पर आरोप है कि इस आरोपी ने युवती के सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड फोटो का दुरुपयोग करते हुए युवती के नाम से अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फेक अकाउंट क्रिएट कर दिए। उसमें एआइ व अन्य टूल की मदद से युवती की आपत्तिजनक अवस्था की फोटो तैयार कर उसे अपलोड कर युवती को सोशल मीडिया पर शर्मशार, बदनाम कर दिया।
आरोपी ने युवती की मां के फोटो को भी आपत्तिजनक अवस्था वाला बनाकर उसे भी वायरल कर दिया। यह बात ध्यान में आने पर युवती ने अहमदाबाद शहर साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई।साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच करते हुए, ऐसा करने वाले शातिर आरोपी को दिल्ली से पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम सुमित शर्मा (27) है। यह उत्तर पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर थाना क्षेत्र में करतारनगर का रहने वाला है।
सोशल मीडिया पर अपलोड करता है धार्मिक वीडियो
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी सुमित शर्मा कर्मकांड का काम करता है। यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धार्मिक वीडियो बनाकर उन्हें पोस्ट करता है।
आरोपी के फोन से मिलीं 100 से ज्यादा मॉर्फ फोटो
साइबर क्राइम ब्रांच अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुमित शर्मा के पास से उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। उसकी जांच करने पर फोन में शिकायतकर्ता युवती की एआइ व अन्य एप की मदद से आपत्तिजनक अवस्था वाली 100 से ज्यादा मॉर्फ फोटो बनाने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं इसके मोबाइल फोन से युवती के ट्विटर (एक्स), फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर क्रिएट किए गए 8 से 10 फेक अकाउंट भी मिले हैं। इसने इंस्टाग्राम पर युवती के नाम की तीन फेक आईडी बनाई थी। उसमें युवती का फोटो अपलोड किया था। यूट्यूब पर भी युवती के नाम से फेक चैनल क्रिएट किया। आरोपी ने युवती के इंस्टा आईडी अकाउंट से ही युवती का फोटो लिया था, उसकी मां का फोटोग्राम भी लिया था। उसे एक एआइ एप के जरिए मॉर्फ किया और फिर उसका आपत्तिजनक फोटो व वीडियो तैयार कर उसे अलग-अलग फेक आइडी पर अपलोड कर दिया। यह ध्यान में आने पर परेशान हुई युवती ने साइबर क्राइम ब्रांच में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्राइवेट व लॉक रखें सोशल मीडिया अकाउंट
साइबर क्राइम ब्रांच ने कहा कि युवती हो या युवक सभी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट और लॉक करके रखना चाहिए। संभव हो वहां तक अज्ञात व्यक्ति से मित्रता से बचें। किसी साइबर अपराध का शिकार हुए हों तो तत्काल 1930 पर संपर्क करें।


