आगरा के ट्रांस यमुना इलाके में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। खुद को भाजपा नेता और ऊर्जा मंत्री का करीबी बताने वाले दो लोगों ने पांच बेरोजगार युवकों से करीब 15 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब युवकों ने नौकरी या पैसे वापस मांगे तो उन्हें धमकियां मिलने लगीं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। जहां दो आरोपियों ने खुद को भाजपा नेता और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का करीबी बताकर बेरोजगार युवकों को निशाना बनाया। आरोप है कि इन लोगों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायतकर्ता अनिल कुमार शर्मा, जो बजरंग दल से जुड़े बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए गोविंद शर्मा और उसके भाई खेमचंद्र शर्मा से हुई थी। दोनों खुद को प्रभावशाली राजनीतिक संपर्क वाला व्यक्ति बताते थे। मुलाकात के दौरान उन्होंने मोबाइल में बड़े नेताओं के साथ फोटो दिखाकर भरोसा दिलाया कि वे सरकारी नौकरियां लगवा सकते हैं।
2 वर्ष के भीतर पांच लोगों से 15 लाख की ठगी
अनिल के रिश्तेदार और उनके कुछ दोस्तों को नौकरी की जरूरत थी। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। साल 2023 में चार युवकों से करीब 10.50 लाख रुपये ले लिए गए। इसके बाद 2024 में एक और युवक को झांसा देकर उससे भी पैसे मांगे गए। जिसमें 5 लाख रुपये एडवांस के रूप में ले लिए गए। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने ये पैसे उधार लेकर दिए थे। लेकिन न तो किसी की नौकरी लगी। न ही पूरी रकम वापस मिली। आरोप है कि कुल रकम में से सिर्फ 70 हजार रुपये लौटाए गए। बाद में बीमारी का बहाना बनाकर 10 हजार रुपये फिर वापस ले लिए गए।
पीड़ितों के पास मौजूद ये सबूत, दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
पीड़ितों के पास व्हाट्सएप चैट और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे सबूत भी मौजूद हैं। जिनमें आरोपी बार-बार नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा देते नजर आ रहे हैं। जब पैसे वापस मांगे गए तो आरोपियों ने धमकी दी कि उन्हें झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले भी इसी तरह के मामले दर्ज हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सभी सबूतों को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


