रायपुर@हिमांशु शर्मा। CBI Raid: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और बिलासपुर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (South East Central Railway) के कार्यालयों में उस समय हड़कंप मच गया जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) ने स्पोर्ट्स कोटे से जुड़ी भर्ती में कथित अनियमितताओं के मामले में दबिश दी है। इस कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने डीआरएम कार्यालय स्थित कार्मिक विभाग और अन्य संबंधित सेल में कई अहम दस्तावेजों को खंगाला हैं।
भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच
सूत्रों के अनुसार, खेल कोटे के तहत की गई नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी, दस्तावेजों में हेराफेरी और अयोग्य अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की शिकायतों के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान टीम ने रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय सहित संबंधित शाखाओं में कई फाइलों को जब्त कर उनकी जांच शुरू की है। मामले से जुड़े संदिग्ध कर्मचारियों और अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में लिए गए हैं।
CBI ने दो रेलवे अफसरों को किया गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में सीबीआई ने दो रेलवे अफसरों को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ में भर्ती घोटालों की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है रेलवे का मामला
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी सीबीआई द्वारा व्यापमं और सीजीपीएससी (CGPSC) भर्ती घोटालों की जांच की जा चुकी है। ऐसे में रेलवे भर्ती से जुड़ा यह मामला भी काफी गंभीर माना जा रहा है और इसकी जांच को बेहद अहम बताया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और जांच में क्या नए खुलासे सामने आते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
खबर में अपडेट जारी है…


