गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा से BJP विधायक फतेह बहादुर सिंह और उनके सहयोगियों को 9 मई तक जान से मारने की धमकी मिली है। बता दें कि फतेह बहादुर सिंह पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीर बहादुर सिंह के बेटे हैं, 2007 की बसपा सरकार में यह वन मंत्री रह चुके हैं। यह पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। इस मामले में वार्ड नंबर-1 (पठनपुरवा बड़का) निवासी रजनीकांत पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
विधायक को धमकी देने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कैंपियरगंज पुलिस ने तत्काल इस घटना को संज्ञान लेकर जांच शुरू की गई और आरोपी के नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया तब लोकेशन इटारसी (मध्य प्रदेश) में मिली है। सोशल मीडिया पर धमकी देने का एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है। धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कैंपियरगंज के नगर पंचायत चौमुखा के शक्तिनगर वार्ड निवासी नवीन सिंह ने कैंपियरगंज थाना पुलिस को दी गई तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर-1 (पठनपुरवा बड़का) निवासी रजनीकांत विधानसभा क्षेत्र में दहशत बना रहा है। रामचौरा निवासी सूरज के मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान क्षेत्रीय विधायक फतेह बहादुर सिंह, उनके प्रतिनिधि गणेशदत्त त्रिपाठी, सहयोगी समशेर सिंह और चेयरमैन प्रतिनिधि गोपाल सिंह समेत कई लोगों को आपत्तिजनक शब्द बोलते हुए 09 मई तक जान से मारने की धमकी भी दी।
SP नॉर्थ बोले…मुकदमा दर्ज, जांच पड़ताल शुरू
विधायक को धमकी देने की बातचीत का 6.46 मिनट का एक आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित के अनुसार, इस धमकी के बाद उनका परिवार भी डर गया है। पुलिस ने आरोपित रजनीकांत, उसके परिवार और सहयोगियों के विरुद्ध धमकी देने व अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का मुकदमा दर्ज किया है। SP नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल शुरू कर कार्रवाई की जा रही है।


