QR Code Helpline Service Started: विद्युत विभाग ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी नोएडा में उपभोक्ताओं के लिए बड़ी डिजिटल सुविधा शुरू की है। बिजली विभाग की इस नई सेवा से उपभोक्ताओं को सरकारी ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने होंगे। नोएडा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन करने की सुविधा दी गई है।
क्यूआर कोड आधारित हेल्पलाइन सेवा शुरू
बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए विद्युत विभाग ने नई डिजिटल सुविधा की शुरुआत की है। अब उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए लंबे इंतजार नहीं करना होगा और न ही बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने होंगे। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए विभाग ने क्यूआर कोड (QR Code) आधारित हेल्पलाइन सेवा शुरू की है।
पारदर्शी और सुगम होगी व्यवस्था
उपभोक्ता विद्युत विभाग द्वारा जारी किए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके आसानी से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इस नई सुविधा की शुरुआत प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले से की गई है। विद्युत विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को तेज, पारदर्शी और सरल सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू की गई है।
कैसे करें शिकायत?
क्यूआर कोड स्कैन करते ही बिजली उपभोक्ताओं को विद्युत विभाग के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने का ऑप्शन मिलेगा। उपभोक्ता पोर्टल पर बिजली बिल, मीटर खराबी, बिजली कटौती, लाइन फॉल्ट, ट्रांसफार्मर संबंधी समस्या और अन्य तकनीकी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे। बिजली विभाग के अनुसार, इस नई प्रणाली का लाभ करीब 4.47 लाख बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। इससे उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और प्रभावी होगी।
शिकायत का कैसे होगा समाधान?
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी मॉनिटरिंग डिजिटल माध्यम से की जाएगी और समस्या के समाधान के बाद उपभोक्ता को ई-मेल के जरिए सूचना भी भेजी जाएगी। इससे उपभोक्ता यह जान सकेंगे कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई और कब तक उसका समाधान होगा।
अब तक उपभोक्ता मुख्य रूप से 1912 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज कराते थे, लेकिन कई बार अधिक कॉल होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। ऐसे में क्यूआर कोड आधारित नई सुविधा को 1912 हेल्पलाइन के साथ जोड़ा गया है, ताकि शिकायत प्रक्रिया और अधिक सुगम बनाई जा सके।
क्या बोले अधिकारी?
मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन ने बताया कि बिजली विभाग लगातार उपभोक्ताओं को बेहतर और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से शिकायतों का निस्तारण तेजी से होगा और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। विभाग की कोशिश है कि भविष्य में इस सुविधा को अन्य जिलों में भी लागू किया जाए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सके।


