जमीन पर कब्जा करने वालों पर बरतें सख्ती:जनता दर्शन में CM ने सुनीं 200 लोगों की फरियाद

जमीन पर कब्जा करने वालों पर बरतें सख्ती:जनता दर्शन में CM ने सुनीं 200 लोगों की फरियाद

दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में लोगों की समस्या सुनी। यहां आयोजित जनता दर्शन में लगभग 200 लोग पहुंचे थे। सीएम एक-एक कर सभी के पास गए और उनका आवेदन लिया। उन्होंने सबसे उनकी समस्या पूछी और समाधान का भरोसा दिया। जमीन पर अवैध कब्जा से जुड़ी शिकायतें भी आयीं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध रूप से कब्जा करने वालों पर सख्ती बरती जाए। इससे पहले गोशाला पहुंचकर सीएम ने गायों की सेवा की। उन्हें गुड़, चना एवं रोटी खिलाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की शाम को गोरखपुर पहुंचे थे। आज वह कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और 612 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
लोग सुबह से ही जनता दर्शन में जाने के लिए गोरखनाथ मंदिर पहुंच गए थे। जांच के बाद उन्हें अंदर ले जाकर कुर्सियों पर बैठाया गया। मुख्यमंत्री के सामने लोगों ने कई तरह की समस्या बताई। किसी ने पारिवारिक समस्या बताई तो कोई अपने परिजन के इलाज में आर्थिक सहायता की मांग को लेकर पहुंचा था। कई फरियादी जमीन से जुड़ी समस्या लेकर आए थे। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्या का त्वरित निराकरण कराया जाए। एक महिला अपने बेटे के साथ पहुंची थीं। उनका आरोप था कि उनके ससुराल वाले घर नहीं जाने देते, जिससे बेटे की पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि इस मामले को हल कराया जाए। उन्होंने महिला से कहा कि बेटे की पढ़ाई शुरू कराएं। जनता दर्शन में गोरखपुर एवं आासपास के जिलों के लोग पहुंचे थे। परिजनों के इलाज के लिए मांगी आर्थिक मदद कई लोग अपने परिजनों के इलाज में आर्थिक मदद की मांग को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से पीड़ित उनके परिजनों का इलाज आर्थिक अभाव में प्रभावित है। सीएम ने इस्टीमेट बनवाकर देने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार इलाज में मदद करेगी। महिलाओं के साथ आए बच्चों को सीएम ने चॉकलेट दी। गायों की सेवा की
जनता दर्शन से पहले सीएम गोशाला पहुंचे। उनके जाते ही गाय एवं बछड़े उनके पास आ गए। उन्होंने उनकी सेवा की और गुड़, चना, रोटी खिलाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *