MP Weather Alert : इन दिनों मध्य प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ तो उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं ने लगभग आधे राज्य को तपा रखा है तो वहीं दूसरी तरफ लगभग आधे राज्य में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान सूबे के छतरपुर जिले के खजुराहो का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। हालात ये हैं कि, भीषण गर्मी ने यहां लोगों की नींद उड़ा रखी है।
वहीं, दूसरी तरफ मौसम विभाग ने आज बुधवार को प्रदेश के 20 जिलों में लू के साथ कई स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है, जबकि 18 जिलों में गरज चमक के साथ हल्की और मध्यम बारिश की चेतावनी जारी दी है।
इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) के एक्टिव होने से उत्तरी हिस्से के तापमान में मामूली गिरावट आई है। वहीं आज बुधवार को ग्वालियर, छिंदवाड़ा, छतरपुर, विदिशा, श्योपुर, मुरैना, मंडला, भिंड, सतना, दतिया, निवाड़ी, पन्ना, रायसेन, रीवा और सागर जिले में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, छतरपुर और छिंदवाड़ा समेत 18 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
जबलपुर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज
जबकि, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश जबलपुर और मलाजखंड में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। वहीं, रीवा, सतना और उज्जैन जिलों में रात का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
इन जिलों में पारा 40 पार
पिछले 24 घंटों में खजुराहो सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड हुआ। यहां पारा 44.8 डिग्री रहा दर्ज किया गया। जबकि, सीधी का तापमान 44.6 डिग्री, श्योपुर में पारा 44 डिग्री रहा, 43.8 डिग्री, भोपाल में 43.6 डिग्री, उमरिया में 43.5 डिग्री, खंडवा में 43.4 डिग्री, मुरैना में 43.3 डिग्री, मंडला में 43.2 डिग्री, दमोह-रतलाम में 43 डिग्री, जबलपुर में 42.7 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री, उज्जैन-ग्वालियर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
जाने बड़े शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
शहर — अधिकतम — न्यूनतम
-भोपाल — 43.6 — 26.8
-इंदौर — 41.2 — 24.9
-ग्वालियर — 41.0 — 28.5
-जबलपुर — 42.7 — 26.4
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में)


