आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को मेरठ के कमिश्नरी पार्क से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण का शुभारंभ किया। शहीदों को नमन और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यह यात्रा शुरू हुई। यह पदयात्रा 16 से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलेगी और इसकी शुरुआत एक जनसभा से हुई। संजय सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने बताया कि नीट समेत अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। उनके परिवारों को जोड़ लें तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर भाजपा सरकार ने चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं के रोजगार, सरकारी नौकरियों, रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर की कार्रवाई से उजाड़े जा रहे लोगों की आवाज उठाने के लिए निकाली गई है। आप सांसद ने प्रधानमंत्री पर कसा तंज
संजय सिंह ने महंगाई पर भी बात की और कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर जनता पर फिर बोझ डालने की तैयारी हो रही है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम किया जाए, सब्सिडी दी जाए और महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने देश में नफरत की राजनीति बंद करने की अपील करते हुए कहा कि इससे किसी का भला नहीं होता। संजय सिंह ने जनता से भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को खारिज करने का आग्रह किया और कहा कि अरविंद केजरीवाल शिक्षा, स्वास्थ्य और मुफ्त सुविधाओं की राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा दंगे और नफरत की राजनीति करती है। पहले दिन यह रहा रूट
पहले दिन की पदयात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू होकर कचहरी के सामने हनुमान मंदिर, बच्चा पार्क, खैरनगर चौपला, घंटाघर, डीएन कॉलेज, मेट्रो प्लाजा होते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे गणपति भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे और जगह-जगह सांसद संजय सिंह का जोरदार स्वागत किया गया।


