जौनपुर के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में हरिहरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना हरिहरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिम में खंभा संख्या-2 के पास हुई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अजय कुमार यादव के रूप में हुई है, जो राजनारायण यादव के पुत्र और केवटली खुर्द, ठाकुरगंज के निवासी थे। अजय मुंबई में वाहन चालक का काम करते थे और पैर में चोट लगने के कारण इन दिनों घर पर ही रह रहे थे। मृतक अजय कुमार यादव अपने पीछे पत्नी आशा यादव और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुंतजर ने बताया कि युवक की पहचान शव के पास मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।


