दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को उड़ाया:गुरुग्राम में बादशाहपुर के पास हादसा, पैसेंजर युवती की हालत नाजुक, कैब ड्राइवर फरार

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को उड़ाया:गुरुग्राम में बादशाहपुर के पास हादसा, पैसेंजर युवती की हालत नाजुक, कैब ड्राइवर फरार

गुरुग्राम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बादशाहपुर के नजदीक एक तेज रफ्तार कैब ने उबर बाइक टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में ऊबर बाइक पर सवार पैसेंजर युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ड्राइवर और युवती सड़क पर दूर जा गिरे। घायल युवती को गंभीर हालत में इलाज के लिए पार्क हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसे होश नहीं आया है। पुलिस ने पीड़ित बाइक चालक की शिकायत पर अज्ञात कैब ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक ड्राइवर का पता नहीं लगाया जा सका है। जिससे घायल युवती के परिजनों में रोष बना हुआ है। बहन के बच्चे को देखने आई थी गाजियाबाद के विजय नगर निवासी मेघा गौतम अपनी बहन से मिलने और उसके नवजात बच्चे को देखने आई थी। उसकी बड़ी बहन गुरुग्राम में रहती है। पहले मेघा भी गुरुग्राम के बीपीओ कंपनी में काम करती थी और तीन महीने पहले ही उसने नोएडा की कंपनी में ज्वाइन किया था। गुरुग्राम से नोएडा जा रही थी बाइक टैक्सी के ड्राइवर किशन ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के करोल बाग में रहकर ऊबर कंपनी में बाइक टैक्सी चलाने का काम करता है। शाम के समय उसे मेघा गौतम की राइड प्राप्त हुई। उसने मेघा का पिकअप किया और नोएडा की ओर जा रहा था। बादशाहपुर के पास हुआ हादसा जब वे बादशाहपुर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार नंबर HR55BC2342 ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगने के बाद वे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए दोनों घायलों को नजदीक के पार्क हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हादसे में किशन के दाहिने हाथ और पैर में चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं पीछे बैठी पैसेंजर युवती मेघा गौतम के सिर, गर्दन और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार मेघा की स्थिति फिलहाल ‘क्रिटिकल’ बनी हुई है और वह आईसीयू में एडमिट है। पुलिस पर लापरवाही का आरोप हादसे के बाद आरोपी कार ड्राइवर मौके से वाहन सहित फरार हो गया। बाइक ड्राइवर किशन ने बादशाहपुर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। युवती के परिजनों का कहना है कि टक्कर मारने वाली टैक्सी कार का नंबर पुलिस को दे दिया गया है, लेकिन अभी तक आरोपी ड्राइवर को नहीं पकड़ा है। परिवारवालों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है बादशाहपुर थाना पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली है और एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *