पुलिस से मुठभेड़ में वन्यजीव शिकारी घायल:पीलीभीत में पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग की

पुलिस से मुठभेड़ में वन्यजीव शिकारी घायल:पीलीभीत में पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग की

पीलीभीत के माधौटांडा थाना क्षेत्र में पुलिस और वन्यजीव शिकारियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक शिकारी हरजिंदर सिंह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। यह मामला 15 अप्रैल 2026 को बराही जंगल में हुए जंगली सुअर के अवैध शिकार से संबंधित है। इस संबंध में माधौटांडा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 21 अप्रैल की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इस अपराध में शामिल अभियुक्त नवदिया गेस्ट हाउस के पास नहर किनारे जंगल में छिपे हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर अभियुक्तों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त हरजिंदर सिंह (पुत्र कक्का सिंह, निवासी ग्राम राघवपुरी) के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि घायल हरजिंदर सिंह को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी माधौटांडा भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अवैध शस्त्र रखने के संबंध में अभियुक्त के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *