शिमला के रामपुर में शुक्रवार दोपहर एक युवक पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोटला निवासी भोगेश्वर खन्ना अपने बगीचे में प्लम तोड़ रहे थे। भालू ने युवक के पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर अटैक किया। हमले के समय युवक का एक दोस्त भी बगीचे में कुछ दूरी पर मौजूद था। उसने भालू को हमला करते देख जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। युवक और उसके दोस्त की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों के शोर के कारण भालू जंगल की ओर भाग गया। पहले कुत्तों ने खदेड़ा भालू, फिर युवक पर हमला ग्रामीणों ने बताया कि भालू दिन के समय गांव के आसपास घूम रहा था। कुत्तों द्वारा खदेड़े जाने के बाद वह खेतों की ओर चला गया और वहीं प्लम तोड़ रहे युवक पर हमला कर बैठा। घायल को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस बुलाई गई और घायल युवक को खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वन विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।


