मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर तीर्थयात्रियों से भरी एक बस पलट गई। इस हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे, जो छत्तीसगढ़ के दुर्ग से उत्तर प्रदेश के वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी यह दुर्घटना मोइयानाला के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार बस अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पलट गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री मदद के लिए चीखने लगे। रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल भेजा गया सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस से बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे रेफर किया गया। थाना प्रभारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। यात्रियों को सुरक्षित ठहराया गया हादसे के बाद बाकी यात्रियों को पास के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में सुरक्षित ठहराया गया है। प्रशासन की ओर से उनके भोजन और रहने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान में चालक का नियंत्रण खोना वजह माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


