फर्जी होटल वेबसाइट बनाकर करते थे साइबर ठगी:तीन आरोपी गिरफ्तार, ठगी की रकम से खरीदी थार जब्त

फर्जी होटल वेबसाइट बनाकर करते थे साइबर ठगी:तीन आरोपी गिरफ्तार, ठगी की रकम से खरीदी थार जब्त

फर्जी होटल वेबसाइट बनाकर ग्राहकों को अपने जाल में फंसाने वाले तीन साइबर ठगों को डीग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो मथुरा के दौलतपुर लहचोरा और एक डीग के जोतरी पीपल का रहने वाला है। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई थार गाड़ी बरामद की है। आरोपियों पर असली होटल जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट तैयार कर उसके कॉन्टैक्ट सेक्शन में अपने मोबाइल और वॉट्सऐप नंबर डालकर ग्राहकों को ठगने का आरोप है। डीग पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत कोतवाली थाना पुलिस, साइबर सेल और डीएसटी डीग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। असली होटल जैसी दिखती थीं फर्जी वेबसाइटें पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऐसी फर्जी वेबसाइट तैयार करवाते थे, जो देखने में बिल्कुल असली होटल की वेबसाइट जैसी लगती थी। वेबसाइट के कॉन्टैक्ट सेक्शन में आरोपियों के फर्जी मोबाइल और वॉट्सऐप नंबर दिए जाते थे। होटल में कमरा बुक कराने या अन्य जानकारी के लिए वेबसाइट पर आने वाले ग्राहकों को इन्हीं नंबरों पर संपर्क करने के लिए कहा जाता था। वॉट्सऐप पर भेजते थे फर्जी QR कोड ग्राहक जब वेबसाइट पर दिए मोबाइल या वॉट्सऐप नंबर पर संपर्क करते थे तो साइबर ठग उन्हें बातचीत में उलझा लेते थे। इसके बाद होटल बुकिंग या पेमेंट के नाम पर ग्राहक के वॉट्सऐप पर फर्जी क्यूआर कोड भेजा जाता था। ग्राहक को भुगतान के लिए इस क्यूआर कोड का इस्तेमाल करने के लिए कहा जाता और इसी प्रक्रिया के दौरान उसके साथ साइबर ठगी की जाती थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को इस तरीके से अपना शिकार बनाया और ठगी के जरिए कितनी रकम अर्जित की। सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनाता था फर्जी वेबसाइट पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी तारिफ सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और फर्जी होटल वेबसाइट तैयार करने में मदद करता था। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए आरोपियों के साइबर नेटवर्क और उनके संभावित अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। ठगी की रकम से खरीदी थार जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा साइबर ठगी की राशि से खरीदी गई थार गाड़ी नंबर यूपी 85 सीआर 2808 भी जब्त की गई है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में पुलिस को साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। तीनों आरोपियों का विवरण गिरफ्तार आरोपियों में वसीम (24) पुत्र इदरीस और अकरम (22) पुत्र काशीम शामिल हैं। दोनों मथुरा जिले के दौलतपुर लहचोरा, थाना गोवर्धन के रहने वाले हैं। तीसरा आरोपी तारिफ (22) पुत्र हनीफ डीग जिले के जोतरी पीपल, थाना गोपालगढ़ का निवासी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *