गुरदासपुर में दीनानगर में पठानकोट-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रावी पैलेस बाईपास के पास आज एक अनियंत्रित ट्रक पलटने से हड़कंप मच गया। बजरी से खचाखच लदा यह ट्रक पठानकोट से अमृतसर की तरफ जा रहा था कि अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि इतनी भयानक टक्कर के बावजूद ट्रक चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा। उसे एक मामूली खरोंच तक नहीं आई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के बाल-बाल बचने पर राहत की सांस ली। SSF टीम ने मौके पर संभाला मोर्चा, ट्रैफिक करवाया बहाल खबर मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। SSF के जवानों ने बिना देरी किए स्थिति का जायजा लिया और सड़क पर फैली बजरी व पलटे ट्रक के कारण प्रभावित हुए यातायात को सुचारू करवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या ड्राइवर के अचानक नियंत्रण खोने से।

