खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को चिकानी बस स्टैंड, बहादुरपुर और किशनगढ़बास तहसील क्षेत्र में तीन दुकानों पर कार्रवाई की। टीम ने यहां से खाने-पीने की चीजों के सैंपल लिए। ये कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर की गई। जिला नोडल अधिकारी खाद्य सुरक्षा विभाग हेमंत कुमार यादव ने बताया कि संपर्क पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर टीम ने चिकानी स्टैंड की मुख्य दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान सैनी मिष्ठान भंडार और झिलमिल मिष्ठान भंडार से दूध और चीनी से बनी दूध पाक के सैंपल लिए गए। भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई और बर्फी का सैंपल लिया गया। जांच के दौरान भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार पर साफ-सफाई की हालत ठीक नहीं मिली। मौके पर करीब 40 से 45 किलो पुरानी, खराब और बदबूदार मिठाई मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नियमों के हिसाब से इसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। दुकान मालिक को एफएसएसएआई अधिनियम, 2006 के तहत सुधार नोटिस दिया गया। उसे भविष्य में दुकान में साफ-सफाई रखने और अच्छी क्वालिटी व साफ-सुथरे खाने-पीने के सामान बेचने के लिए कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे खाने-पीने का सामान खरीदते समय उसकी क्वालिटी, साफ-सफाई और बनाने/खत्म होने की तारीख का ध्यान रखें। विभाग खाने-पीने की चीजों की क्वालिटी पक्का करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रखेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता और मनीषा शर्मा के साथ लैब टेक्नीशियन महिपाल सिंह भी मौजूद थे।

