आगरा के नगला देवजीत में स्थित आरएस पब्लिक स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। इस मौके पर राधा-कृष्ण स्वरूप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छोटे बच्चे राधा और बाल कृष्ण के मनमोहक रूप में सजकर पहुंचे। इससे पूरे स्कूल का माहौल कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्रबंधक ऋषि पाल सिंह ने राधा-कृष्ण के स्वरूपों की आरती उतारकर की। इसके बाद बच्चों ने कई रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर मंचन किया। छोटे कृष्णों की चंचल अदाओं और राधा के मनमोहक रूप ने सभी का ध्यान खींचा। बाल लीलाओं की प्रस्तुतियों पर बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। स्कूल की प्रधानाचार्य सुमन कुशवाहा ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ते हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी बच्चों को प्रधानाचार्य ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं ममता, करिश्मा, मुस्कान और अंजली का खास सहयोग रहा। स्कूल परिवार ने बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।

