नायब के काले कपड़े वाले बयान पर भुक्कल का पलटवार:झज्जर में बोलीं- भाजपा के घोटालों के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने पहने थे काले कपड़े

नायब के काले कपड़े वाले बयान पर भुक्कल का पलटवार:झज्जर में बोलीं- भाजपा के घोटालों के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने पहने थे काले कपड़े

झज्जर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कांग्रेस विधायकों के काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचने को लेकर दिए बयान पर विधायक गीता भुक्कल ने पलटवार किया है। रविवार को झज्जर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने भाजपा सरकार के घोटालों और जनविरोधी नीतियों के विरोध में काले कपड़े पहने थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय सरकार को प्रदेश की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस विधायकों के साथ धक्का-मुक्की का मामला राज्यपाल के समक्ष उठाएंगे गीता भुक्कल ने विधानसभा में कांग्रेस विधायकों के साथ कथित धक्का-मुक्की के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को राज्यपाल के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है और विधानसभा में इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री को घेरा भुक्कल ने हरियाणा की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को काले कपड़ों पर बयान देने के बजाय प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। आज प्रदेश असुरक्षित श्रेणी में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और आस्था के मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं, जबकि रोजगार की मांग को लेकर युवा धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। विधानसभा में उठेंगे बैंक घोटाले से लेकर टूटी सड़कों तक के मुद्दे विधायक ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस की ओर से बैंक घोटालों, कानून-व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था और प्रदेश की खराब सड़कों समेत कई जनहित के मुद्दे जोर-शोर से उठाए जाएंगे। उन्होंने आईटीआई में कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की मांग भी सरकार के समक्ष रखने की बात कही। चमार समाज को लेकर सीएम के बयान का विरोध गीता भुक्कल ने चमार समाज को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को बांटने की कोशिश निंदनीय है। सरकार को सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहिए और समाज में भाईचारा मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला महंगाई के मुद्दे पर भुक्कल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब और आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। रोजगार की मांग कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उन पर कार्रवाई करना समस्या का समाधान नहीं है। भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *