मौसम साफ होते ही उछला दिन का पारा:रात में बना हुआ है सर्दी का अहसास, कोटा में धूप खिलने से अधिकतम तापमान फिर बढ़ा

मौसम साफ होते ही उछला दिन का पारा:रात में बना हुआ है सर्दी का अहसास, कोटा में धूप खिलने से अधिकतम तापमान फिर बढ़ा

कोटा संभाग में दो दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात ‘अर्नब’ के असर के बाद शनिवार को मौसम खुलते ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को भी सुबह से धूप निकली हुई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के कारण रात के समय ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती असर के चलते कोटा संभाग सहित प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे और हल्की रिमझिम बारिश हुई। सूरज न निकलने के कारण दिन और रात दोनों समय सर्दी का असर बढ़ गया था और दिन के तापमान में 7 डिग्री तक की भारी गिरावट दर्ज की गई थी। तापमान का उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को जहां दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शनिवार को इसमें 6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ यह 29.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की और कमी दर्ज की गई, जिससे यह घटकर 19.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग जयपुर के अधिकारियों के अनुसार, कोटा सहित प्रदेश के कई जिलों में रविवार से आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ता जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *