सीधी के कोतवाली रोड स्थित सराफा बाजार में रविवार सुबह पाइपलाइन टूटने से करीब 2 घंटे तक पानी बहता रहा। सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक सड़क पर पानी भरने से आने-जाने का रास्ता प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका को सूचना देने के बावजूद समय पर पानी की सप्लाई बंद नहीं हुई। शिकायत मिलने के बाद सीएमओ ने मामले की जांच कराने की बात कही है। शिकायत के बाद भी बहता रहा पानी स्थानीय लोगों के मुताबिक, पाइपलाइन टूटने की सूचना नगर पालिका प्रशासन को दी गई थी। इसके बावजूद करीब 2 घंटे तक पानी का बहाव जारी रहा। पाइपलाइन से निकल रहा पानी सड़क पर भरने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद ही रास्ता डायवर्ट किया। इससे शहर की ओर जाने वाले लोगों को करीब 2 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। पानी की सप्लाई का समय 8:30 से 10:30 तक था इसीलिए पहले वाल्व बंद नहीं किया गया था। समय खत्म होने के बाद वाल्व को बंद कर दिया गया, जिसके बाद पानी का निकलना बंद हो गया है। निवासी ने सीएमओ को फोन कर दी सूचना क्षेत्रीय निवासी रितेश सिंह ने नगर पालिका सीएमओ महमूद हसन को फोन कर शिकायत की। उन्होंने पाइपलाइन से लगातार पानी बहने और सड़क पर आवागमन बाधित होने की जानकारी दी। नगर पालिका सीधी के सीएमओ महमूद हसन ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10 बजे पाइपलाइन टूटने की जानकारी मिली थी। उन्होंने टीम को मौके पर भेजकर पाइपलाइन सुधारने के निर्देश दिए। सीएमओ के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद भी पानी की सप्लाई तत्काल बंद क्यों नहीं की गई, इसकी जांच कराई जा रही है। शहर के कई वार्डों में बना रहता है पेयजल संकट सीधी शहर के कई वार्डों में पेयजल संकट बना रहता है। ऐसे में सोन नदी और अन्य सहायक नदियों के पानी को शुद्ध कर लोगों तक पहुंचाया जाता है। इस स्थिति में पाइपलाइन टूटने के बाद लंबे समय तक पानी बहते रहने की घटना जलापूर्ति व्यवस्था और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े करती है।

