Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को शुरुआती सुस्ती के बाद तेजी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बावजूद, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त होने की बढ़ती संभावनाओं ने निवेशकों में उत्साह भर दिया है। इसके बाद इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार में बढ़त दर्ज की गई।
सेंसेक्स आज 504 अंक की तेजी के साथ 78,493 पर कारोबार करते हुए बंद हुआ। इसके साथ ही निफ्टी में भी 156 अंकों की तेजी दर्ज की गई है और ये 24,353 के स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबार में FMCG में सबसे ज्यादा खरीदारी है, जबकि आईटी के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली है।
निफ्टी के सेक्टरों की बात करें तो एफएमसीजी, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी ऑटो, निफ्टी रियल एस्टेट में बढ़त देखी गई, जबकि Nifty Metals और Nifty Pharma में गिरावट आई। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी आधा प्रतिशत की बढ़त रही।
इस कंपनी के शेयर में दिखी भारी तेजी
आज Nifty 50 में शामिल कंपनी Zen Technologies को भारत सरकार से Arms Act, 1959 के तहत हथियार निर्माण का लाइसेंस मिल गया है, जिसके बाद इसके शेयर में जोरदार तेजी देखी गई। कंपनी का शेयर करीब 6.68 फीसदी बढ़कर 1,627.60 रुपये पर पहुंच गया। दिन के दौरान इसने ₹1,641 का उच्च स्तर और ₹1,518.55 का निचला स्तर छुआ। साथ ही, ट्रेडिंग वॉल्यूम भी काफी बढ़ गया और यह 1,29,678 शेयर रहा, जो इसके पिछले 5 दिनों के औसत 66,583 शेयरों से लगभग 94.76 फीसदी ज्यादा है।
क्या है बड़ी वजहें
इजरायल-लेबनान के बीच 10 दिनों का युद्धविराम लागू हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि ईरान परमाणु हथियार न बनाने पर सहमत हो सकता है, जिससे मिडिल-ईस्ट में शांति की उम्मीद जगी है। इसके साथ ही अमेरिकी बाजार में नैस्डैक लगातार 12वें दिन बढ़त के साथ बंद हुआ, जो 2009 के बाद इसकी सबसे लंबी तेजी है।
सोना और चांदी का क्या रहा हाल
शांति वार्ता की खबरों से सोने की कीमतों में स्थिरता रही। वैश्विक स्तर पर सोना 4,789 डॉलर प्रति औंस के करीब रहा। वहीं भारतीय बाजार (MCX) पर जून वायदा सोना 1,53,168 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,50,300 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर दिखी।


