बड़ी चूक या बड़ी त्रासदी? नाइजीरिया में एयरस्ट्राइक में 200 लोगों के मारे जाने की आशंका

बड़ी चूक या बड़ी त्रासदी? नाइजीरिया में एयरस्ट्राइक में 200 लोगों के मारे जाने की आशंका

Nigerian airstrike: नाइजीरिया से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। दरअसल, देश के उत्तर-पूर्वी राज्य योबे में शनिवार रात एक सैन्य हवाई हमले में करीब 200 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार रात को उग्रवादियों का पीछा कर रहे नाइजीरियाई सैन्य जेट विमानों ने गलती से एक गांव के बाजार पर बमबारी कर दी। स्थानीय पार्षद और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हमला एक भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र पर हुआ, जहां उस समय बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्राहक मौजूद थे।

यह घटना यूबे और बोरनो स्टेट की सीमा के पास हुई, जो लंबे समय से उग्रवादी गतिविधियों का केंद्र रहा है। बताया जा रहा है कि नाइजीरियाई सेना के लड़ाकू विमान इस इलाके में उग्रवादियों का पीछा कर रहे थे, लेकिन निशाना चूकने से बम सीधे बाजार पर गिर गए।

घटनास्थल का मंजर भयावह

प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल का भयावह मंजर बयां करते हुए बताया कि बाजार और आसपास की गलियों में शव बिखरे पड़े थे। कई घायलों को पास के छोटे अस्पतालों और क्लीनिकों में पहुंचाया गया है, जबकि कुछ शव झाड़ियों और खुले इलाकों से बरामद किए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कम से कम 200 लोगों की मौत की आशंका है और कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि सटीक आंकड़ा अभी तक सरकारी या सैन्य सूत्रों की ओर से जारी नहीं किया गया है।

नाइजीरियाई सेना ने नहीं दिया विवरण

उधर, इस घटनाक्रम को लेकर नाइजीरियाई सेना की तरफ से अभी तक कोई विस्तृत विवरण जारी नहीं किया है। राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा और मानवाधिकार निगरानी करने वाले संगठनों का कहना है कि पिछले एक दशक में योबे राज्य में कई बार गलत या लक्ष्य से भटके हवाई हमलों की खबरें आई हैं।

इनमें अकसर लड़ाकू विमानों द्वारा संदिग्ध उग्रवादी ठिकानों पर हमले शामिल होते हैं, जो बाद में आबादी वाली बस्तियां या बाजार साबित होते हैं। क्षेत्र के नागरिक समाज समूह पहले ही संघीय सरकार से एक स्वतंत्र जांच का आदेश देने की मांग कर रहे हैं, जिसमें लक्ष्य निर्धारण प्रक्रियाओं और नुकसान के आकलन के आंकड़ों का खुलासा शामिल हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *