US-Iran Talks: पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान की वार्ता विफल होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है। उन्होंने ईरान को एक बार फिर पाषाण युग में भेजने की धमकी दी है। इसको लेकर ट्रंप ने आर्टिकल भी शेयर किया है। साथ ही ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान नहीं झुका तो समुद्री नाकेबंदी भी की जाएगी। दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को पाषाण युग में भेजने की धमकी दी हो, इससे पहले भी वे यह धमकी दे चुके हैं।
इससे पहले ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर ईरान समझौता नहीं करता तो अमेरिका उसके पावर प्लांट, पुलों और बुनियादी ढांचे को रातोंरात नष्ट कर देगा। ट्रंप ने कहा कि हम उन्हें पाषाण युग में वापस भेज देंगे, जहां उन्हें होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि चार घंटे में पूरा ईरान बिजली और संचार से वंचित हो जाएगा।
कूटनीति कभी खत्म नहीं होती- ईरान
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि ये बातचीत 40 दिनों के थोपे गए युद्ध के बाद हुई और अविश्वास व संदेह के माहौल में आयोजित की गई। ऐसे में यह स्वाभाविक है कि हम शुरुआत से ही एक ही बैठक में समझौते की उम्मीद नहीं कर सकते थे और न ही किसी को ऐसी उम्मीद थी।
उन्होंने आगे कहा कि कूटनीति कभी खत्म नहीं होती। यह राष्ट्रीय हितों की रक्षा का एक माध्यम है, और राजनयिकों को युद्ध और शांति दोनों समय में अपनी जिम्मेदारियां निभानी होती हैं।
बकाई ने यह भी बताया कि दोनों पक्ष कुछ मुद्दों पर सहमति तक पहुंचे, लेकिन अब भी 2–3 अहम मुद्दों पर मतभेद बने हुए हैं।
‘कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर मतभेद’
ईरान ने कहा कि अमेरिका के साथ उसकी बातचीत कुछ प्रगति के बावजूद बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई, क्योंकि कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर मतभेद बने रहे।
पाकिस्तान से रवाना हुई ईरानी प्रतिनिधिमंडल
मेहर न्यूज़ एजेंसी के अनुसार बातचीत के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान से रवाना हो गया, जिससे वार्ता के इस ताज़ा दौर का अंत हो गया। बता दें कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के जाने के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल भी पाकिस्तान से रवाना हो गया है।


