पीलीभीत में 20 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख:आग लगने से किसानों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग

पीलीभीत में 20 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख:आग लगने से किसानों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग

पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र में शुक्रवार को आग लगने से लगभग 20 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। यह घटना मांसी पब्लिक स्कूल के पीछे स्थित खेतों में हुई। जिससे किसानों की साल भर की मेहनत बर्बाद हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय खेतों से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। तेज पछुआ हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैल गईं। ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों और अन्य निजी संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर बीसलपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक भारी नुकसान हो चुका था। आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। इस अग्निकांड से कई किसानों को भारी क्षति हुई है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित किसानों में छेदालाल, प्रेमनारायण, बाबूराम (सभी बीसलपुर निवासी) और वीरपाल शामिल हैं, जिन्होंने जमीन पट्टे पर लेकर खेती की थी। इनके अलावा, कई अन्य छोटे किसानों की फसलें भी आग की चपेट में आ गईं। घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों में गहरा आक्रोश और चिंता है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के करीब थी और इस क्षति ने उन्हें कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग की है। बीसलपुर के एसडीएम नागेंद्र पांडे ने बताया, मामले की जानकारी मिलते ही राजस्व टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *