फ्रांस से पहुंचे विदेशी मेहमान, साड़ी पहनकर भरी मांग, हाथों में रचाई मेहंदी, जानी भारतीय जीवन शैली

फ्रांस से पहुंचे विदेशी मेहमान, साड़ी पहनकर भरी मांग, हाथों में रचाई मेहंदी, जानी भारतीय जीवन शैली

कटनी. मध्यप्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल देखने को मिल रही है। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले के खितौली और कोनिया गांव में विकसित होमस्टे विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह के नेतृत्व में संचालित इस पहल के अंतर्गत गांवों में होमस्टे तैयार कर उन्हें आकर्षक बनाया गया है।
फ्रांस से आए चार पर्यटक ग्वेन्डोलिन डेलेपियरे, माएल एरिक कोकॉल्ट, आर्मेल यवोन मैरी जोसेफ लेटोर्ट और यवेस थिएरी फिलिप कोकॉल्ट भारत भ्रमण के दौरान कटनी और उमरिया जिले के गांवों में पहुंचे। खितौली, कोनिया, दमना और मरईकला गांव में ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और होमस्टे में ठहराया।

French guest learns about Indian lifestyle

होमस्टे में मिला संस्कृति और परंपरा का अनुभव

विदेशी मेहमानों ने होमस्टे में रहकर ग्रामीण परिवेश का अनुभव किया। उन्होंने देशी व्यंजनों का स्वाद लिया, पारंपरिक वेशभूषा पहनी, बैलगाड़ी की सवारी की और ग्रामीण जीवनशैली को करीब से समझा। साथ ही बांस शिल्प, मिट्टी शिल्प और मेहंदी कला जैसी स्थानीय हस्तकलाओं का भी आनंद उठाया। पर्यटकों ने आसपास के ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों का भी भ्रमण किया, जिसमें बांधवगढ़ किला, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, ताला म्यूजियम, कुठुलिया जोहिला फॉल और दशरथ संगम घाट प्रमुख रहे। इन स्थलों ने उन्हें क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।

French guest learns about Indian lifestyle

भारतीय संस्कृति को जिया

कटनी भ्रमण के दौरान फ्रांस की दोनों महिलाओं ने भारतीय संस्कृति से खुश होकर उसमें ढलने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ साडिय़ां पहनी बल्कि मांग भरकर, हाथों में मेंहंदी सजाकर सोलह श्रृंगार किया। भारतीय लिबास में अलग ही सौंदर्य नजर आया। यह पहल न केवल ग्रामीणों को रोजगार के अवसर दे रही है, बल्कि भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान भी दिला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *