Jaipur News : जयपुर शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी से उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं एलपीजी ऑटो चालकों को भी गैस लेने में भारी दिक्कतें आ रही थीं। ये चालक पूरे दिन एलपीजी पंपों पर लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर थे। पत्रिका ने रविवार को “10 हजार ऑटो चालकों के चूल्हे पर आंच, फीस तक के लाले” शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर सामने आने के बाद गैस कंपनियों के उच्च अधिकारियों ने हालात को गंभीरता से लिया।
आदर्श नगर स्थित राज्य स्तरीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार से नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। तीनों गैस कंपनियों के एलपीजी पंप अब 24 घंटे खुले रखने के निर्देश संचालकों को दिए गए हैं। इससे ऑटो चालकों को गैस लेने के लिए दिनभर कतार में नहीं लगना पड़ेगा।
LPG : पुरानी बुकिंग क्लियर होने के बाद ही नई डिलीवरी, नई व्यवस्था लागू
जयपुर शहर में चल रही एलपीजी किल्लत के बीच गैस सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर उपभोक्ताओं और एजेंसियों के बीच विवाद बढ़ते जा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं की शिकायत है कि उन्होंने 10 दिन पहले सिलेंडर बुक कराया, फिर भी उन्हें गैस नहीं मिली, जबकि बाद में बुकिंग कराने वालों को पहले ही सिलेंडर दे दिया गया। ऐसी शिकायतों के बाद इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने इंडेन गैस की एजेंसियों के बुकिंग सिस्टम में बदलाव किया है। कंपनी का दावा है कि इससे डिलीवरी में पारदर्शिता आएगी और तथाकथित वीआइपी कल्चर खत्म होगा।
पहले बुकिंग, पहले सिलेंडर
कंपनी के महाप्रबंधक (एलपीजी) आशीष कुमार के अनुसार, अब सॉफ्टवेयर में ऐसा बदलाव किया गया है कि जब तक पुरानी बुकिंग पूरी नहीं होगी, तब तक नई बुकिंग का बिल न तो जनरेट होगा और न ही डिलीवरी आगे बढ़ेगी। यानी जिसने पहले बुकिंग कराई है, उसे ही प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर मिलेगा।
नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं की शिकायतें कम होंगी
अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं की शिकायतें कम होंगी और वितरण प्रणाली अधिक निष्पक्ष बनेगी। साथ ही, जल्द ही यही सिस्टम भारत गैस और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसियों में भी लागू किया जाएगा। इन दोनों कम्पनी में नई व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को एक बड़ी राहत मिलेगी और आसानी से घरेलू गैस सिलेंडर मिल जाएगा।


