जयपुर में आंधी-बारिश का कहर : बिजली का पोल गिरने से मिस्त्री की मौत, 15 से ज्यादा पेड़ गिरे, मेट्रो सेवा हुई बाधित

जयपुर में आंधी-बारिश का कहर : बिजली का पोल गिरने से मिस्त्री की मौत, 15 से ज्यादा पेड़ गिरे, मेट्रो सेवा हुई बाधित

जयपुर। राजधानी में शुक्रवार शाम आए तेज अंधड़ और बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। करीब डेढ़ घंटे चले इस मौसम के कहर से कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस दौरान एक दर्दनाक हादसे में बिजली का पोल गिरने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि मेट्रो सेवा भी करीब 20 मिनट तक बाधित रही।

पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले रामजीलाल महावर (50) जवाहर नगर के मुकेश नगर के निवासी थे और पेशे से चुनाई मिस्त्री थे। शुक्रवार शाम करीब 5:50 बजे वे जेडीए सर्कल से बाइक पर अपने घर की ओर जा रहे थे। तुलसी सर्कल से पहले अचानक तेज आंधी और बारिश के बीच एक बिजली का पोल उनके सिर पर आ गिरा।

Jaipur Rain
सड़क पर गिरा पेड़ (फोटो-पत्रिका)

हेलमेट टूटकर बिखरा

टक्कर इतनी तेज थी कि उनका हेलमेट टूटकर बिखर गया और वे सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गांधी नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है।

Jaipur Rain
टूट कर गिरी डालियां (फोटो-पत्रिका)

प्रत्यक्षदर्शी कपिल जैन ने बताया कि वे हादसे के समय मृतक से दो बाइक पीछे चल रहे थे। अचानक तेज हवा के बीच बिजली का पोल सामने चल रहे व्यक्ति पर गिर गया। उन्होंने कहा कि वह खुद भी बाल-बाल बच गए।

20 बिजली के पोल गिरे, 500 से ज्यादा शिकायतें

उधर, आंधी के कारण जयपुर का बिजली तंत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार बिंदायका सहित कई इलाकों में पेड़ गिरने और करीब 20 बिजली के पोल गिरने की घटनाएं सामने आईं। इसके चलते शहर के कई बड़े हिस्सों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। अंधड़ थमने के बाद बिजली विभाग को 500 से ज्यादा शिकायतें मिलीं। बिंदायका, मुरलीपुरा, जामडोली, जगतपुरा और इंदिरा गांधी नगर जैसे बाहरी इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी देखने को मिली। बिजली इंजीनियर देर रात तक मरम्मत कार्य में जुटे रहे।

Jaipur Rain
सड़क पर भरा पानी (फोटो-पत्रिका)

मेट्रो सेवा हुई बाधित

तेज हवाओं का असर जयपुर मेट्रो पर भी पड़ा। रेलवे स्टेशन और सिविल लाइंस मेट्रो स्टेशन के बीच हाई टेंशन लाइन में ग्रीन नेट फंस जाने से मेट्रो का संचालन करीब 20 मिनट तक रोकना पड़ा। कर्मचारियों ने नेट हटाकर सेवा फिर से शुरू कराई।

Jaipur Rain
मिस्त्री का टूटा हेलमेट (फोटो-पत्रिका)

15 से अधिक जगह गिरे पेड़

इसके अलावा शहर में 15 से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। विजय द्वार, करधनी थाना क्षेत्र, 22 गोदाम नाला, त्रिपोलिया बाजार, काले हनुमान जी मंदिर और महावीर नगर समेत कई इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सड़कों से पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *