-घरेलू गैस की किल्लत, गैस गोदाम पर उपभोक्ताओं का हंगामा
एजेंसी संचालक का कहना: नहीं गैस की कोई कमी
dholpur, बाड़ी शहर में खाड़ी युद्ध से शुरू हुई घरेलू गैस की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही। डिलेवरी नहीं मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के गोदाम पर जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक और उसके हॉकर गैस की कालाबाजारी कर रहे हैं। उपभोक्ताओं के घरों पर होम डिलेवरी नहीं दी जा रही है।
शहर में घरेलू गैस की किल्लत कम नहीं हो रही। घरेलू सिलेंडर नहीं मिलने से जहां उपभोक्ता परेशान हैं वहीं कमर्शियल सिलेंडरों की कमी से रेस्टोरेंट और होटल संचालन असमंजस की स्थिति में हैं, सिलेंडर नहीं मिलने से उनके व्यापार पर असर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सिलेंडर बुकिंग कराने के बाद भी 15 दिनों तक सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिल पा रही। मलक पाड़ा निवासी योगेश अग्रवाल का कहना है कि उनकी बुकिंग 09 मार्च की है, जिसकी डिलेवरी आज तक नहीं मिली है। ऐसे में लगातार एलपीजी सिलेंडरों की खेप आ रही है तो गैस सिलेंडर आखिर कहां जा रहे हैं समझ नहीं आ रहा। गोदाम पर एजेंसी संचालक कोई ठोस जबाब नहीं दे रहे हैं।
वहीं ग्रामीण उपभोक्ता घनश्याम मीना, विद्याराम आदि ने बताया कि उनको ग्रामीण क्षेत्र में डिलीवरी नहीं मिल रही। ऐसे में गैस लेने के लिए गोदाम पर आए हैं। यहां से उन्हें गाड़ी खड़ी होने की कहकर सरमथुरा रोड पर भेजा गया वहां पर भी डिलेवरी नहीं मिली। अब फिर से गोदाम पर आकर खड़े हुए हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं है।
एजेंसी संचालक शंभू दयाल गुप्ता ने बताया की गैस की कोई किल्लत नहीं है। बुकिंग के आधार पर लगातार सप्लाई दी जा रही है। वर्तमान में 13 मार्च तक की डिलेवरी जारी हुई है। कुछ उपभोक्ताओं को मिस्टेक होने की वजह से जरूर सिलेंडर नहीं मिला होगा। जिस्म भी लगातार सुधार किया जा रहा है। कुछ असामाजिक तत्व अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास कर रहे है।
लोगों के हाथ लग रही निराशा
एक ओर जहां रसद विभाग और जिला प्रशासन शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों पूर्ण आपूर्ति की बात कर रहा है वहीं शहर भर में सिलेंडरों को लेकर मारामारी हो रही है। अल सुबह से ही एजेंसी पर सिलेंडर लेने वालों की भारी भीड़ पहुंच रही है। रविवार को भी सुबह से लोग गैस एजेंसी सिलेंडर पाने की चाह में पहुंचने लगे, लेकिन ज्यादातर लोगों को निराशा ही हाथ लगी। कुछ लोगों ने बताया कि सिलेंडर नहीं होने से उनको ब्लैक में सिलेंडर लेने पड़ रहे हैं, उनका कहना था कि लोगों को बुकिंग कराकर भी सिलेंडर नहीं मिल रहे लेकिन ब्लैक में सिलेंडर आसानी से मिल रहे हैं।


