जनपद बस्ती की कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विशुनपुरवा मोहल्ले में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से 3,24,010 रुपये भारतीय, 145 नेपाली मुद्रा और करीब 8 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह चोरी 26/27 फरवरी 2026 की रात विशुनपुरवा स्थित एक घर में छत के रास्ते घुसकर की गई थी। इस मामले में गुरुवार को कृष्णा भगौती चौराहे के पास से सेराज आलम (21) निवासी रफीक नगर बेलवाडाडी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर सुपेलवा प्राइमरी स्कूल के पीछे झाड़ियों से चोरी में प्रयुक्त डीवीआर और लोहे का सब्बल भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी सेराज आलम ने बताया कि उसने अपने साथी अल्ताफ के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। चोरी के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे, जहां आरोपी ने अपने हिस्से की रकम खर्च कर दी। उसने चोरी के पैसों से अपने पुराने लोन की किश्त भी जमा की थी। पुलिस अब फरार अभियुक्त अल्ताफ की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी सेराज आलम का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए भी टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद राजभर, स्वाट प्रभारी शेषनाथ यादव सहित कोतवाली और स्वाट टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


