औरैया की एरवाकटरा पुलिस ने 16 साल पुराने एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। 42 वर्षीय प्रमोद कुमार ग्राम गुलालपुर का निवासी है। उस पर गैर जमानती वारंट जारी था। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि आरोपी प्रमोद कुमार के खिलाफ वर्ष 2008 में एरवाकटरा थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। न्यायालय की निर्धारित तारीखों पर हाजिर न होने के कारण सिविल जज (जूडि.)/न्यायिक मजिस्ट्रेट बिधूना ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। पुलिस के अनुसार, वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार सुबह करीब सात बजे मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में है। इस सूचना पर उपनिरीक्षक हबीब खां ने कांस्टेबल अंकित कुमार के साथ गुलालपुर गांव में दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपी प्रमोद कुमार को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

