इंदौर में चौकीदार को कार से कुचला, अस्पताल में मौत:कॉलोनी गेट पर खड़े युवक को चौकीदार ने टोका था, विवाद के बाद कार चढ़ाकर भागा

इंदौर में चौकीदार को कार से कुचला, अस्पताल में मौत:कॉलोनी गेट पर खड़े युवक को चौकीदार ने टोका था, विवाद के बाद कार चढ़ाकर भागा

इंदौर के लसूड़िया इलाके में कॉलोनी के गेट पर युवक को रोकना चौकीदार को भारी पड़ गया। रोकने पर हुए विवाद के बाद युवक ने चौकीदार पर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में चौकीदार को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है। टीआई राजकुमार यादव के मुताबिक घटना द एक्जोटिका टाउनशिप के गेट के पास की है। बुधवार रात करीब 10 बजे अरडिया गांव निवासी राजा कुमावत अपने दोस्तों के साथ कॉलोनी के गेट के पास खड़ा था। रात में अंधेरे में खड़े होने पर वहां तैनात चौकीदार धर्मेंद्र पुत्र रामचंद मालवीय ने उसे वहां से हटने के लिए कहा। खड़े होने पर हुआ था विवाद इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद राजा ने धर्मेंद्र पर कार चढ़ा दी और मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घर पर दबिश, आरोपी नहीं मिला घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और रात में उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र करीब एक साल से टाउनशिप में चौकीदारी कर रहा था और मूल रूप से देवास का रहने वाला था। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *