इटावा में रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम साढ़े पांच बजे ट्रेन की चपेट में आने से BSF का 38 साल रिटायर्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके एक हाथ का पंजा कट गया, जबकि पैर भी टूट गया। RPF जवान ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया जा रहा है। घायल की पहचान औरैया जिले के विधूना-भरथना रोड निवासी रुद्र यादव पुत्र सूरज यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह ट्रेन से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान इटावा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर-5 की तरफ एक अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गए। घिसटकर प्लेटफार्म नंबर-1 तक पहुंचे हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल रुद्र यादव घिसटते हुए प्लेटफार्म नंबर-1 तक पहुंचे। वहां RPF जवान देवेश मीणा ने उन्हें घायल अवस्था में देखा। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। RPF ने घायल के परिजनों को भी सूचना दे दी है। सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. सौरभ गुप्ता ने बताया- RPF घायल जवान को अस्पताल लेकर आई थी। उनके एक हाथ का पंजा कट गया है और पैर भी टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हादसा उस समय हुआ, जब रुद्र यादव प्लेटफार्म नंबर-5 की तरफ थे। वह ट्रेन से उतर रहे थे या चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

