हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर वकीलों की ‘न्याय यात्रा’:बुलंदशहर में व्यापारियों ने किया वकीलों का समर्थन, बोले- ‘वोट वही पाएगा, जो बेंच दिलाएगा’

हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर वकीलों की ‘न्याय यात्रा’:बुलंदशहर में व्यापारियों ने किया वकीलों का समर्थन, बोले- ‘वोट वही पाएगा, जो बेंच दिलाएगा’

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में जिला बार एसोसिएशन बुलंदशहर के बैनर तले शहर में बुधवार दोपहर 12 बजे एक भव्य ‘न्याय यात्रा’ निकाली गई। यात्रा का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया, जिसमें स्थानीय व्यापारियों और विभिन्न संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर समर्थन दिया। ​इलाहाबाद की दूरी और वकीलों का संकल्प न्याय यात्रा के दौरान जिला बार एसोसिएशन के सचिव धर्मेंद्र खालोर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना यहां के नागरिकों और वकीलों का हक है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि पश्चिमी यूपी के वादकारियों और आम जनता को न्याय पाने के लिए लगभग 500 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करके इलाहाबाद जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की भारी बर्बादी होती है। वकीलों ने संकल्प लिया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह संघर्ष जारी रहेगा। ​व्यापारी सुरक्षा फोरम ने सौंपा समर्थन पत्र अंसारी रोड चौराहे पर जब बार एसोसिएशन की न्याय यात्रा पहुंची, तो व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान (बुलंदशहर) के पदाधिकारियों और अंसारी रोड बाजार के व्यापारियों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। संगठन के शीर्ष नेतृत्व और व्यापारियों ने अधिवक्ता पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाईं और पुष्प वर्षा की। ​इस अवसर पर व्यापारी सुरक्षा फोरम के प्रदेश महामंत्री अनिल देशभक्त ने अपने वरिष्ठ साथियों के साथ बार एसोसिएशन को आधिकारिक ‘समर्थन पत्र’ सौंपा। व्यापारियों की इस सक्रिय भागीदारी से आंदोलन को एक नई ऊर्जा मिली है। ​’वोट वही पाएगा, जो बेंच दिलाएगा’ का नारा कार्यक्रम के दौरान पूरा इलाका “वकील-व्यापारी एकता जिंदाबाद” और “पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच लेकर रहेंगे” के नारों से गूंज उठा। वकीलों और व्यापारियों ने हुंकार भरते हुए राजनीतिक दलों को स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले समय में “वोट वही पाएगा, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश को हाईकोर्ट बेंच दिलाएगा।” ​इस न्याय यात्रा में भारी संख्या में अधिवक्ता, व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिससे यह साफ हो गया कि यह मांग अब केवल वकीलों की न रहकर पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जन-आकांक्षा बन चुकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *