इंदौर कोचिंग ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर रवि दांगी को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद ने सम्मानित किया। सोमवार को एसोसिएशन के सक्रिय संचालन और विद्यार्थियों, कोचिंग संस्थानों के साथ समाजहित में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कोरोना महामारी के दौरान एसोसिएशन ने विद्यार्थियों की मदद के लिए विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान करीब 5 हजार से 10 हजार विद्यार्थियों तक सहायता पहुंचाने, उन्हें घर भेजने और राशन उपलब्ध कराने जैसे काम किए गए थे। महामारी के कठिन दौर में विद्यार्थियों के सामने आई परेशानियों को देखते हुए एसोसिएशन ने राहत और सहयोग की पहल की थी। शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े इन प्रयासों की भी कार्यक्रम में सराहना की गई। रवि दांगी बोले- यह पूरे कोचिंग परिवार की एकजुटता का सम्मान सम्मान मिलने पर रवि दांगी ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे कोचिंग परिवार की एकजुटता, विश्वास और सामूहिक प्रयासों का है। उन्होंने यह सम्मान इंदौर के सभी कोचिंग संचालकों, शिक्षकों, एसोसिएशन के सदस्यों, सहयोगियों और विद्यार्थियों को समर्पित किया। दांगी ने कहा कि सभी के सहयोग से ही शिक्षा और समाज के हित में लगातार काम करना संभव हो पाया है। यह सम्मान गर्व के साथ आगे और बेहतर काम करने की नई जिम्मेदारी भी देता है।

