यमुनानगर में महिला को बेहोश कर बालियां लूटी:घर पर अकेली थी, भिखारी के भेष में आए आरोपी, पानी के बहाने नशीला पदार्थ सुंघाया

यमुनानगर में महिला को बेहोश कर बालियां लूटी:घर पर अकेली थी, भिखारी के भेष में आए आरोपी, पानी के बहाने नशीला पदार्थ सुंघाया

यमुनानगर जिले के जगाधरी सदर थाना क्षेत्र के गांव मांडखेड़ी में भिखारी के भेष में पहुंचे एक व्यक्ति ने घर में अकेली महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके कानों से सोने की बालियां लूट ली। आरोपी के दो अन्य साथी भी उसके साथ थे। वारदात से पहले तीनों ने आसपास के घरों में भी पहुंचने की कोशिश की। एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। लूटी बालियों की कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पड़ोसी ने दरवाजा नहीं खोला तो अगले घर पहुंचे गांव मांडखेड़ी निवासी राजीव कुमार ने बताया कि शनिवार को वह किसी काम से अपने रिश्तेदार के घर गया हुआ था। इस दौरान उसकी पत्नी उषा (48) घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 11:30 बजे एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा। उसने सफेद रंग का कुर्ता-पायजामा पहना हुआ था और सिर पर हरे रंग का कपड़ा लपेटा हुआ था। आरोपी ने सबसे पहले पड़ोस के घर का गेट खटखटाया। इसी दौरान उसके दो अन्य साथी भी वहां पहुंचे। उनके हाथ में एक चादर थी और वे आगे की तरफ चले गए। राजीव के अनुसार, पड़ोसी के घर का गेट नहीं खुलने पर आरोपी काफी देर तक उसे खटखटाता रहा। करीब दो मिनट इंतजार करने के बाद वह वहां से आगे स्थित उनके घर पहुंच गया। पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी और उसके साथियों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जबकि उसके घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। बाइक पर फरार होते दिखे आरोपी राजीव ने बताया कि आरोपी के गेट खटखटाने पर उसकी पत्नी ने दरवाजा खोल दिया। आरोपी ने उससे पीने के लिए पानी मांगा। पत्नी अंदर से पानी लेकर आई और जैसे ही उसने आरोपी को पानी का गिलास पकड़ाया, उसने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इससे उसकी पत्नी बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी उसके कानों से दोनों सोने की बालियां निकालकर वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब उषा को होश आया तो उसने अपने कानों में बालियां नहीं देखीं। उसने तुरंत अपने भतीजे को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वह भी रिश्तेदार के घर से वापस गांव पहुंचा। घर आने पर उसे पूरी घटना का पता चला। गांव के सीसीटीवी जांचे तो तीनों आरोपी बाइक पर फरार होते नजर आए। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जगाधरी सदर थाना से जांच अधिकारी गुरमेज सिंह ने बताया कि पुलिस ने राजीव कुमार की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *