झज्जर में हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर रविवार को राजकीय नेहरू पीजी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति, प्रदेश की विकास यात्रा और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली। डीसी वर्षा खांगवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया, जबकि बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने कार्यक्रम में शिरकत की। कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संदेश भी वर्चुअल माध्यम से सुना गया। छह दशकों में हरियाणा ने हासिल की नई पहचान: राजेश जून विधायक राजेश जून ने कहा कि हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व और गौरव का अवसर है। हीरक जयंती प्रदेश की छह दशकों की विकास यात्रा, ऐतिहासिक उपलब्धियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयासों से हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि झज्जर जिले के जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, वहीं जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। जीएसटी संग्रह के क्षेत्र में भी हरियाणा और झज्जर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिला विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। बच्चों और युवाओं को प्रदेश के इतिहास से जोड़े: डीसी डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश की 60 वर्षों की यात्रा संघर्ष, उपलब्धियों और विकास के अनेक पड़ावों से जुड़ी है। नई पीढ़ी को हरियाणा के गठन, इसके इतिहास और विकास यात्रा के बारे में जानकारी देना जरूरी है, ताकि बच्चों और युवाओं में अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं के प्रति गौरव की भावना मजबूत हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विद्यार्थियों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने नागरिकों से प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की। रंगोली और हरियाणवी नृत्य ने बांधा समां समारोह स्थल पर शिक्षा विभाग की ओर से मोनिका और मुकेश ने आकर्षक रंगोली तैयार की। इसमें पर्यावरण संरक्षण, विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं को कलात्मक तरीके से दर्शाया गया। वहीं, हरियाणवी कलाकार गणेश नूनवाल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूना माजरा की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। अतिथियों का स्वागत बीन की स्वर लहरियों और ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया।

