झाबुआ जिले के खवासा और आसपास के गांवों में नर्मदा जल पहुंचाने की मांग को लेकर लोगों ने 16 तारीख से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है। क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई के पानी की कमी लंबे समय से बनी हुई है। शनिवार देर शाम तेजाजी मंदिर परिसर में नगरवासियों और ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल की कमी के साथ सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं है। उनका कहना है कि पानी की कमी से फसलें सूखने की कगार पर हैं। क्षेत्रवासियों के मुताबिक, नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की लाइन खवासा से महज 2 से 3 किलोमीटर दूर से गुजरती है। थांदला विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को इस योजना का लाभ मिला है, लेकिन खवासा और आसपास के गांव इससे वंचित हैं। बैठक में तय किया गया कि अगर 16 तारीख से पहले प्रशासन या जनप्रतिनिधि खवासा तक नर्मदा जल पहुंचाने के लिए ठोस पहल नहीं करते, तो उसी दिन से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू होगा। इसमें खवासा नगर और आसपास के गांवों के लोग शामिल होंगे। क्षेत्रवासियों ने कहा कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि पेयजल और सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पहल का इंतजार है।

