सीतापुर में फायर प्रशिक्षण के दौरान सिलेंडर पलटा, युवक झुलसा:जलता सिलेंडर युवक की ओर लुढ़का, चेहरा-हाथ झुलसे; कैमरे में कैद हुआ हादसा

सीतापुर में फायर प्रशिक्षण के दौरान सिलेंडर पलटा, युवक झुलसा:जलता सिलेंडर युवक की ओर लुढ़का, चेहरा-हाथ झुलसे; कैमरे में कैद हुआ हादसा

सीतापुर के तंबौर थाना परिसर में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे फायर सुरक्षा एवं बचाव प्रशिक्षण के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया। फायर ब्रिगेड के पुलिसकर्मी लोगों को आग से बचाव और आपात स्थिति में राहत के तरीके बता रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग को सुरक्षित तरीके से बुझाने का अभ्यास कराया जा रहा था। प्रशिक्षण में स्थानीय युवक नंद किशोर नाग ने भी हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान उन्होंने पानी से भीगी तौलिया की मदद से जलते सिलेंडर की आग बुझाने का प्रयास किया। बताया गया कि जैसे ही उन्होंने सिलेंडर पर भीगी तौलिया डाली, सिलेंडर अचानक असंतुलित होकर उनकी ओर लुढ़क गया। कुछ ही सेकंड में आग की तेज लपटें उनके चेहरे और हाथ तक पहुंच गईं। लपटें देखकर मची अफरा-तफरी
अचानक हुए हादसे से थाना परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया। गनीमत रही कि आग की चपेट में आने के बावजूद हादसा गंभीर रूप नहीं ले सका और समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। थाना प्रभारी ने बर्फ लगाकर दी राहत
हादसे के तुरंत बाद थाना प्रभारी बृजेश कुमार राय ने बर्फ मंगवाई और युवक के चेहरे पर लगाकर प्राथमिक राहत पहुंचाई। इसके बाद नंद किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा पर सवाल
फायर सुरक्षा प्रशिक्षण के दौरान हुई इस घटना ने अभ्यास के समय सुरक्षा मानकों और प्रशिक्षित कर्मियों की निगरानी की अहमियत को सामने ला दिया है। हादसे का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशिक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *