सिरोही पंचायत चुनाव 2026 रिजल्ट: कहीं 4 वोट से जीत, तो कहीं हजारों मतों का अंतर; 5-5 वोट मिलने पर लॉटरी से चुना उपसरपंच

सिरोही पंचायत चुनाव 2026 रिजल्ट: कहीं 4 वोट से जीत, तो कहीं हजारों मतों का अंतर; 5-5 वोट मिलने पर लॉटरी से चुना उपसरपंच

Sirohi Panchayat Election 2026: सिरोही पंचायतीराज चुनाव 2026 के दूसरे चरण में सिरोही जिले की चार पंचायत समितियों सिरोही, पिण्डवाड़ा, रेवदर और भावरी में गांवों की सरकार चुनने के लिए शुक्रवार को हुए मतदान के बाद देर रात तक मतगणना का दौर चलता रहा। चारों पंचायत समितियों की 110 में से 109 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के परिणामों को लेकर देर रात तक उत्सुकता बनी रही। कहीं प्रत्याशियों की जीत का फैसला महज चार वोटों से हुआ तो कहीं 2862 मतों के बड़े अंतर ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। भावरी पंचायत समिति की भारजा पंचायत में प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया। ऐसे में यहां चुनाव नहीं हो सका।

मतगणना स्थलों के बाहर समर्थकों और ग्रामीणों की भीड़ देर रात तक डटी रही। मतगणना केंद्रों के बाहर मेले जैसा माहौल बना रहा। शुक्रवार देर रात तक परिणाम सामने आने के बाद 109 ग्राम पंचायतों को नए सरपंच मिले। इसके बाद शनिवार को सभी ग्राम पंचायतों में उपसरपंच चुनने की प्रक्रिया हुई। कई जगह मतदान से उपसरपंच चुने गए तो कुछ स्थानों पर निर्विरोध चयन हुआ।

नागाणी में दलपत सिंह देवड़ा बने सरपंच, 944 वोटों से जीते

ग्राम पंचायत नागाणी में सरपंच पद पर दलपत सिंह देवड़ा ने 1403 वोट हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 944 मतों से हराया। जीत के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। दलपत सिंह का परिवार लंबे समय से पंचायत की राजनीति में सक्रिय रहा है। वे स्वयं तीन बार उपसरपंच रहे और करीब 15 वर्षों तक पंचायत में सक्रिय भूमिका निभाई। वे सहकारी समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्तमान में कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष हैं। उनके दादा बेमिसाल सिंह देवड़ा भी करीब 40 साल तक नागाणी के सरपंच रहे। इसके अलावा 25 साल तक रेवदर के उपप्रधान और एक बार प्रधान भी रहे। ऐसे में दलपत सिंह की जीत के साथ परिवार की राजनीतिक विरासत फिर चर्चा में है।

sirohi panchayat election 2026
गोयली में देवीलाल सरपंच बनने पर स्वागत करते ग्रामीण

जमना देवी निर्विरोध उपसरपंच निर्वाचित

शनिवार को उपसरपंच चुनाव में तीन दावेदारों ने नामांकन दाखिल किए। अंतिम समय में दो ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद जमना देवी देवासी निर्विरोध उपसरपंच निर्वाचित हुईं। अब ग्रामीणों को नई पंचायत टीम से विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।

पिण्डवाड़ा में चार मतों से पलटा मुकाबला

पिण्डवाड़ा पंचायत समिति की आदर्श ग्राम पंचायत में कांटे की टक्कर देखने को मिली। यहां शिवराम पुरोहित को 234 और प्रताप कुमार को 230 मत मिले। महज चार मतों के अंतर से शिवराम पुरोहित ने जीत दर्ज की। वहीं तेलपुर ग्राम पंचायत में जवानाराम ने एकतरफा जीत हासिल की। उन्हें 2137 मत मिले, जबकि प्रभुराम को 294 मत मिले। जवानाराम 1843 मतों से सरपंच चुने गए।

भूला में उपसरपंच के दोनों प्रत्याशियों को मिले 5-5 वोट, लॉटरी से हुआ फैसला

गांवों की सरकार चुनने के दौरान कई रोचक मुकाबले देखने को मिले। कहीं जीत-हार का फैसला चंद वोटों से हुआ तो कहीं बराबर मत मिलने पर लॉटरी से उपसरपंच का निर्वाचन करना पड़ा। रोहिड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद का मुकाबला बेहद कांटे का रहा। यहां ललिता को 1457 और उनकी प्रतिद्वंद्वी चेतना को 1453 मत मिले। महज चार वोटों के अंतर से ललिता ने जीत दर्ज की।

इसके बाद उपसरपंच चुनाव में भी रोचक स्थिति बनी। भूला ग्राम पंचायत में उपसरपंच पद के लिए भूरी देवी और मुकेश कुमार मैदान में थे। मतदान में दोनों को बराबर 5-5 मत मिले। इसके बाद लॉटरी के जरिए फैसला किया गया, जिसमें भूरी देवी के नाम की पर्ची निकली और उन्हें उपसरपंच निर्वाचित घोषित किया गया।

sirohi panchayat election 2026
चुनाव के बाद खुशी जताते सरपंच व समर्थक

रोहिड़ा में चार वोट से ललिता जीतीं, भावरी में ललित बंसल की बड़ी जीत

भावरी पंचायत समिति की रोहिड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद का मुकाबला भी बेहद करीबी रहा। यहां ललिता को 1457 और उनकी प्रतिद्वंद्वी चेतना को 1453 मत मिले। महज चार वोटों के अंतर से ललिता ने जीत दर्ज की। वहीं भावरी ग्राम पंचायत में ललित बंसल ने बड़ी जीत हासिल की। उन्हें 3241 मत मिले, जबकि अब्दुल हमीद को 1734 मत मिले। इस तरह ललित बंसल 1507 मतों से विजयी हुए।

सनपुर में 13 तो जावाल में 2862 मतों से जीत, बने सरपंच

सिरोही पंचायत समिति की सनपुर ग्राम पंचायत में मुकाबला बेहद रोचक रहा। यहां विनोद कुमार को 806 और उगम सिंह को 793 मत मिले। इस तरह विनोद कुमार ने महज 13 मतों से जीत दर्ज कर सरपंच पद हासिल किया। वहीं जावाल ग्राम पंचायत में प्रेम कुंवर ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें 3643 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी संतोष कुमारी को 781 मत मिले। प्रेम कुंवर 2862 मतों के अंतर से विजयी रहीं।

थल में सात मतों से जीत, जीरावल में वीणा देवी का दबदबा

रेवदर पंचायत समिति की थल ग्राम पंचायत में भी मुकाबला आखिरी मतों तक रोचक बना रहा। यहां नरसाराम को 559 और हरदाराम को 552 मत मिले। सात मतों के अंतर से नरसाराम ने जीत दर्ज की। वहीं जीरावल ग्राम पंचायत में वीणा देवी ने शानदार जीत हासिल की। उन्हें 2052 मत मिले, जबकि श्याम कुंवर को 677 मत मिले। वीणा देवी ने 1375 मतों के अंतर से सरपंच पद पर कब्जा जमाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *