रांची में 2 आपराधिक वारदात:चोरों ने दारोगा तक को नहीं छोड़ा तो डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर मचाया उत्पात

रांची में 2 आपराधिक वारदात:चोरों ने दारोगा तक को नहीं छोड़ा तो डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर मचाया उत्पात

रांची में दारोगा के घर चोरी, सात दरवाजे के ताले तोड़ 40 लाख रु. के जेवरात उड़ाए हजारीबाग में तैनात दारोगा शशिकांत प्रसाद के रांची के चुटिया में पटेल कंपाउंड स्थित घर में सोमवार रात भीषण चोरी हुई। चोर 45 हजार नकद सहित सोने-चांदी के करीब 40 लाख रुपए के जेवरात उड़ा ले गए। शशिकांत की पत्नी सुनीता देवी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। यह पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद है। इसके मुताबिक रात 12:47 बजे तीन चोर घर में घुसे। गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर अंदर घुसे। यह मकान दो मंजिला है। चोरों ने पहले निचले फ्लोर के पांच और पहले फ्लोर के दो दरवाजों का ताला तोड़ा। आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शशिकांत ने बताया जिस कमरे में गहने थे, उसमें मजबूत दरवाजा लगा था। कमरे में 11 लॉकर थे। चोरों ने उसे भी तोड़ दिया। आलमारी ओर दीवान तक को खंगाला। उन्होंने बताया कि पत्नी सुनीता देवी 21 अक्टूबर को छपरा गई थी। घटना के समय घर में कोई नहीं था। चार माह पहले हुई थी बेटे की शादी, उसके भी जेवर पड़े थे भतीजे राजन गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह जब टहलने निकले तो घर के बाहर के बल्ब जल रहे थे। अंदर से पंखा चलने की आवाज आ रही थी। अंदर गए तो कमरे का दरवाजा टूटा हुआ था। तत्काल शशिकांत और पुलिस को जानकारी दी। शशिकांत ने कहा कि चोरों ने हार सेट, चूड़ियां, अंगूठियां, चेन, झुमके, मांगटीका और चांदी का पायल चुरा लिया, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि चार महीने पहले ही छोटे बेटे की शादी हुई थी। उसकी शादी के जेवरात भी घर में रखे थे। जिसे चोर ले उड़े। पुट्‌टी करने वाले पर जताया शक…शशिकांत के भतीजे अमित गुप्ता ने बताया कि 10 दिन पहले रंग-रोगन और पुट्‌टी का काम कराया गया था। उन्होंने आशंका जताई कि पुट्‌टी करने वाले का इस घटना में हाथ हो सकता है। क्योंकि जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे स्पष्ट है कि चोरों को सारी जानकारी पहले से थी।

पिठौरिया में व्यवसायी के घर डकैती, विरोध करने पर महिला की बेरहमी से की पिटाई पिठौरिया के चौली गांव में सोमवार रात एक व्यवसायी के घर पांच डकैतों ने डाका डाला। परिवारवालों को बंधक बनाकर 1.50 लाख रुपए के जेवरात और करीब सात लाख रुपए की नकदी ले उड़े। व्यवसायी संजय केसरी घर में ही दुकान चलाते हैं। संजय की पत्नी गुड़िया देवी ने भास्कर को बताया कि रात करीब 12:30 बजे पांच डकैत पीछे के रास्ते से घर में घुसे। उनमें से तीन के पास पिस्टल थी। आते ही उन्हें और उनके पति को कब्जे में ले लिया। शोर मचाने की कोशिश की तो बेरहमी से मारपीट की। मुंह में कपड़ा ठूंसकर टेप लगा दिया। उनकी गोतनी का भी हाथ बांधकर कमरे में बैठा दिया। इसके बाद घर के कोने-कोने की तलाशी ली। लॉकर खोलकर 7 लाख रुपए के जेवर और 1.50 लाख रुपए निकाल लिए। फिर बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। डकैतों के भागने के बाद उन्होंने रिश्तेदार राजेश को फोन कर बुलाया, जिन्होंने दरवाजा खोला। मां को पिटता देख बच्ची रोई तो बेड पर पटक दिया गुड़िया देवी के साथ मारपीट होता देख एक साल की बेटी रोने लगी तो उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया। उसके बाद भी वह शांत नहीं हुई तो उसे उठाकर बेड पर फेंक दिया। इससे बच्ची कुछ देर के लिए अचेत हो गई। हाथ बंधे होने के कारण माता-पिता कुछ नहीं कर पा रहे थे। डकैतो ने गुड़िया देवी की पांच साल की बेटी सोनल को भी गला दबाकर मारने की कोशिश की। धमकाया…पुलिस को बताया तो गोली मार देंगे संजय केसरी ने बताया कि भागते समय डकैतों ने उन्हें धमकी दी कि अगर पुलिस को जानकारी दी तो गोली मार दी जाएगी। इस घटना के बाद पूरा परिवार डरा हुआ है। गुड़िया देवी ने चौली गांव के ही बबन खान और खुर्शीद राय सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है। दोनों नामजद आरोपी फरार हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *