जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को सुरक्षा देने के लिए खंडवा पुलिस ने नई पहल की है। शहर में हेलमेट बैंक शुरू किया गया है, जहां से कोई भी व्यक्ति अपनी जरूरत के मुताबिक निशुल्क हेलमेट ले सकेगा। बुधवार को कहारवाड़ी पुलिस चौकी में इस हेलमेट बैंक की शुरुआत की गई। फिलहाल यहां 50 हेलमेट रखे गए हैं। जरूरत और सहयोग के आधार पर इनकी संख्या आगे बढ़ाई जाएगी। ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार राय ने बताया कि, एसपी अगम जैन की पहल पर हेलमेट बैंक स्थापित किया गया है। इसके लिए कहारवाड़ी पुलिस चौकी को नए सिरे से तैयार किया गया है। चौकी की मरम्मत और रिनोवेशन के बाद इसे हेलमेट बैंक के रूप में विकसित किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने अपने बजट से शुरुआती तौर पर 50 हेलमेट उपलब्ध कराए हैं। नाम, मोबाइल और आधार नंबर देकर ले सकेंगे हेलमेट ट्रैफिक टीआई देवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि हेलमेट बैंक से कोई भी व्यक्ति अपनी व्यक्तिगत जानकारी देकर हेलमेट ले सकता है। इसके लिए उसे अपना नाम, मोबाइल नंबर और आधार नंबर दर्ज कराना होगा। हेलमेट पूरी तरह निशुल्क मिलेगा, लेकिन यात्रा पूरी होने के बाद उसे वापस करना अनिवार्य रहेगा। यदि कोई व्यक्ति दोपहिया वाहन से यात्रा शुरू कर रहा है और उसके पास हेलमेट नहीं है, तो वह कार्यालयीन समय में कहारवाड़ी पुलिस चौकी स्थित हेलमेट बैंक से हेलमेट ले सकता है। कार्यालयीन समय के अलावा हेलमेट की जरूरत होने पर ट्रैफिक थाने से संपर्क कर सुविधा प्राप्त की जा सकेगी। जन्मदिन और मैरिज एनिवर्सरी पर कर सकेंगे दान पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी इस पहल में सहयोग करने की अपील की है। कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा से हेलमेट दान कर सकता है। जन्मदिन, शादी की सालगिरह या किसी अन्य खास मौके पर हेलमेट दान करके इस अभियान का हिस्सा बना जा सकता है। पुलिस का उद्देश्य है कि, हेलमेट नहीं होने के कारण कोई भी व्यक्ति बिना सुरक्षा के दोपहिया वाहन चलाने को मजबूर न हो। हेलमेट बैंक के जरिए लोगों को सुविधा देने के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों के सहयोग से हेलमेट की संख्या बढ़ने पर ज्यादा जरूरतमंद वाहन चालकों को इसका लाभ मिल सकेगा।

