मिर्जापुर में युवक को जंगल में ले जाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 6 सितंबर की बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने इनमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामला हलिया थाना क्षेत्र का है। बहन से बातचीत को लेकर हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। विवाद मन्नान की बहन से बातचीत को लेकर शुरू हुआ था। इसके बाद कुछ लोग युवक मोहम्मद सैफ को जंगल की ओर ले गए और उसके साथ मारपीट की। 6 सितंबर को घटना का वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ लोग युवक को जंगल में ले जाकर पीटते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पिता की तहरीर पर छह लोगों पर केस वीडियो सामने आने के बाद मोहम्मद सैफ के पिता मुमताज निवासी सोठिया खुर्द ने हलिया थाने में शिकायत दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चार आरोपी गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों में मन्नान सिद्दीकी (19) पुत्र मेराज और मनीष पटेल (24) पुत्र छत्रधारी सिंह निवासी लायन, थाना लालगंज शामिल हैं। इसके अलावा जाने आलम (19) पुत्र बबलू और नौशाद (20) पुत्र फरीद अली निवासी राजपुर, थाना हलिया को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। दो अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हलिया थानाध्यक्ष, उपनिरीक्षक राजीव कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मोहन लाल, रिक्रूट आरक्षी दिनेश कुमार, अंकित शाहू, पवन कुमार और अनिल राजपूत शामिल रहे।

