हरदोई में स्वाइन फ्लू के 17 मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के लिए कांटेक्ट ट्रेसिंग और निगरानी तेज कर दी है। विभाग की टीमों ने संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए करीब 80 से 90 लोगों की पहचान की है। राहत की बात यह है कि इनमें से किसी में भी स्वाइन फ्लू के गंभीर लक्षण नहीं मिले हैं। सामान्य सर्दी-जुकाम या हल्का बुखार वाले लोगों को दवा देकर घर पर आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। 114 संदिग्धों की जांच, सभी रिपोर्ट निगेटिव शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे माइक्रोबायोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अदिति गर्ग ने बताया कि गौराडांडा स्थित मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की आरटी-पीसीआर जांच लगातार की जा रही है। अब तक 114 संदिग्ध मरीजों के स्वाब की जांच हो चुकी है और सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। हालांकि, जिले में स्वाइन फ्लू से जुड़े मामलों के बीच मल्लावां निवासी एक मरीज की पहले मौत हो चुकी है। संपर्क में आए लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संक्रमित मरीजों के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई है। अब तक करीब 80 से 90 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा चुकी है। इन सभी के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी डॉ. सीबी सिंह ने बताया कि कांटेक्ट ट्रेसिंग के दौरान कुछ लोगों में हल्का जुकाम और बुखार मिला है। हालांकि, उनमें स्वाइन फ्लू के गंभीर लक्षण नहीं पाए गए। एहतियात के तौर पर उन्हें दवा देकर घर पर आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। प्रभावित इलाकों में टीमें सक्रिय जिले में अचानक सामने आए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रख रही हैं। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग जारी है। सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय ने बताया कि फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में है। संक्रमण को समय रहते रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।

