बुलंदशहर में मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना नरसेना पुलिस ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, ऊंचागांव में छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की मदद लेने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें। छात्राओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करने, अनजान लोगों से निजी जानकारी साझा नहीं करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

