करनाल में ट्रैक्टर से उतरते समय युवक का बिगड़ा संतुलन:ट्रॉली के नीचे आने से मौत, बीजना से स्टौंडी जाते समय ली थी लिफ्ट, ब्रेक लगने से पहले लगा दी छलांग

करनाल में ट्रैक्टर से उतरते समय युवक का बिगड़ा संतुलन:ट्रॉली के नीचे आने से मौत, बीजना से स्टौंडी जाते समय ली थी लिफ्ट, ब्रेक लगने से पहले लगा दी छलांग

करनाल में ट्रैक्टर पर लिफ्ट लेकर घर लौट रहे एक युवक की ट्रॉली के नीचे आने से मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर से उतरने लगा तो चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही उसने छलांग लगा दी। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रॉली के नीचे आ गया और ट्रैक्टर उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बीजना से स्टौंडी जा रहा था ट्रैक्टर
मृतक की पहचान 21 वर्षीय श्याम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और करनाल में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था। वह ईंट भट्ठे पर काम करता था। परिजनों के अनुसार, 11 अक्तूबर को श्याम कहीं से घर लौट रहा था। रास्ते में उसने एक ट्रैक्टर चालक से लिफ्ट ली और ट्रैक्टर पर बैठ गया। ट्रैक्टर बीजना से स्टौंडी की तरफ जा रहा था। ब्रेक लगने से पहले लगा दी छलांग
परिजनों ने बताया कि रास्ते में जब श्याम ट्रैक्टर से नीचे उतरने लगा तो चालक ने वाहन रोकने की कोशिश की। हालांकि, ब्रेक लगने से पहले ही श्याम ने छलांग लगा दी। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रॉली के नीचे आ गया। उस समय ट्रॉली खाली थी। ट्रैक्टर की चपेट में आने से श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना देकर करवाई शिनाख्त
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई। 12 अक्तूबर को परिवार के करनाल पहुंचने पर पुलिस ने उनसे शव की शिनाख्त करवाई। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *