बुरहानपुर शहर में इन दिनों नगर निगम की ओर से नालों के चैनलाइजेशन का काम कराया जा रहा है। लेकिन बस स्टैंड क्षेत्र में काम के दौरान लापरवाही सामने आई है। यहां करीब चार दिनों से काम बंद है और बड़ा नाला खुला पड़ा है। बारिश के दौरान यहां हादसा होने का खतरा बना हुआ है। चार दिन से खुला पड़ा है नाला बस स्टैंड क्षेत्र में नाला चैनलाइजेशन के लिए गड्ढा खोदा गया है, लेकिन पिछले करीब चार दिनों से काम बंद पड़ा है। नाला खुला होने के कारण यहां से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। बस स्टैंड होने की वजह से यहां रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले यात्री भी पहुंचते हैं। ऐसे में बारिश होने पर नाले में पानी भरने से स्थिति और खतरनाक हो सकती है। लोगों ने जताई हादसे की आशंका स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से गड्ढा खुला पड़ा है। नाले की गहराई ज्यादा होने के कारण अगर बारिश के दौरान कोई व्यक्ति इसमें गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द नाले को सुरक्षित करने और काम पूरा कराने की मांग की है। आयुक्त बोले- ठेकेदार से करवाएंगे सुधार नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि नाला चैनलाइजेशन का काम ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को निर्देश देकर मौके पर सुधार कराया जाएगा, ताकि किसी तरह का हादसा न हो।

