बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के सूरजकुंड गांव में पैंथर के हमले से एक बार फिर दहशत फैल गई है। घर के बाहर बैठी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर पैंथर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बुजुर्ग का चेहरा बुरी तरह नोंच लिया गया है, वहीं, मूंह पर 50 टांके भी आए हैं। चाय पीकर घर के बाहर बैठी थीं बुजुर्ग बुजुर्ग के पोते मनीष ने बताया- सूरजकुंड गांव निवासी 75 वर्षीय कस्तुरी पत्नी नाथीया डामोर सुबह चाय पीने के बाद घर के बाहर चारपाई पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान अचानक वहां एक पैंथर आ धमका और बिना किसी आहट के बुजुर्ग महिला पर हमला बोल दिया। सिर, चेहरे और हाथों पर कई जगह किया वार पैंथर के अचानक हुए इस हमले से बुजुर्ग संभल नहीं पाईं। पैंथर ने उनके सिर, दोनों आंखों के पास, चेहरे, दोनों हाथों और पैरों पर कई जगह बुरी तरह नोंच डाला, जिससे उनके शरीर पर गहरे घाव हो गए। महिला की चीख-पुकार और परिजनों की आहट सुनकर और मौके पर लोगों के जुटने की भनक लगते ही पैंथर वहां से जंगल की तरफ भाग निकला। एमजी अस्पताल रेफर किया घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। परिजन गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को निजी वाहन से इलाज के लिए कुशलगढ़ चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद से पूरे सूरजकुंड गांव और आसपास के इलाकों के ग्रामीणों में पैंथर के मूवमेंट को लेकर भय बना हुआ है।

