प्रयागराज में सुबह से छाए बादल, शाम-तक बारिश का अलर्ट:देर रात की बारिश से कई इलाकों में जलभराव

प्रयागराज में सुबह से छाए बादल, शाम-तक बारिश का अलर्ट:देर रात की बारिश से कई इलाकों में जलभराव

प्रयागराज में रविवार सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। हल्की हवाएं चल रही हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है। देर रात तेज हवा के साथ करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर मौसम इसी तरह बना रह सकता है और शाम तक एक बार फिर तेज बारिश होने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दो दिन बारिश थमने के बाद फिर बदला मौसम पिछले दो दिनों से बारिश नहीं होने के कारण उमस भरी गर्मी बढ़ गई थी। शनिवार देर रात अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे की बारिश में ही कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। इससे लोगों को रात में भी आने-जाने में परेशानी हुई। सिविल लाइंस से करेली तक सड़कें जलमग्न बारिश के बाद सिविल लाइंस, निरंजन डॉट पुल, करेली, चकिया, रामबाग और सैंपी कॉलेज के पास नए बस अड्डे समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं। जहां पहले से सड़कें टूटी हैं और बड़े-बड़े गड्ढे हैं, वहां पानी भरने के बाद लोगों के लिए परेशानी और बढ़ गई। पानी निकासी की व्यवस्था पर सवाल पिछले सप्ताह हुई तेज बारिश के बाद भी शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ था। प्रशासन की ओर से पानी की निकासी कराई गई थी। इसके बाद दो दिन बारिश थमने से लोगों को राहत मिली, लेकिन शनिवार रात हुई बारिश के बाद एक बार फिर कई इलाकों में वही स्थिति बन गई। रामबाग डॉट पुल के आसपास सड़कें बदहाल हैं और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी देर की तेज बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। मौसम विभाग ने रविवार शाम तक फिर तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में जलभराव वाले इलाकों में लोगों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *