पाली जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) रीनेश सिंघवी और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) शंकरलाल राठौड़ को गुरुवार को एपीओ कर दिया गया। दोनों अधिकारी 16 अक्टूबर को एसई चैंबर में हुई मारपीट की घटना के बाद से चर्चा में थे। विभाग के वरिष्ठ शासन उप सचिव राज कुमार निर्वाण ने गुरुवार शाम प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए दोनों अधिकारियों को एपीओ करने के आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, पदस्थापन की प्रतीक्षा अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों को जयपुर स्थित जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में अपनी उपस्थिति देनी होगी। नए अधिकारियों की पदस्थापना की संभावना दोनों अधिकारियों को एक साथ एपीओ किए जाने के बाद पाली जल संसाधन वृत्त में रिक्त हुए पदों पर नए अधिकारियों की पदस्थापना की जा सकती है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत किसी अन्य अधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा जा सकता है। वहीं, 16 अक्टूबर को हुई मारपीट की घटना को लेकर दोनों पक्षों ने पाली कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस जांच जारी है।

